
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने जारी किए आदेश; लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
बागेश्वर। मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जनपद में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून से मिली चेतावनी के बाद छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी/अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अपूर्वा पाण्डे ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी के आदेशानुसार, दिनांक 01 जुलाई 2026 (बुधवार) को जनपद बागेश्वर के अंतर्गत आने वाले सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालय (कक्षा 01 से 12 तक) तथा समस्त आंगनबाड़ी केंद्र अनिवार्य रूप से बंद रहेंगे।
जारी आदेश के तहत मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी बागेश्वर को इस निर्देश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत जारी इस आदेश का उल्लंघन करने वाले या किसी भी प्रकार का विचलन करने वाले संबंधित संस्थान या अधिकारी के विरुद्ध तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। आदेश की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक समेत बागेश्वर, कपकोट, गरुड़ और कांडा के उप जिलाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी गई है।





