
बागेश्वर। जनपद में मौसम के मिजाज को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 06 अगस्त 2026 को जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा का अति तीव्र दौर रहने की संभावना जताई गई है. इसे लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए जिला प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है. मौसम विभाग की चेतावनी के दृष्टिगत कल यानी 06 अगस्त 2026 (गुरुवार) को जनपद बागेश्वर के अंतर्गत कक्षा 01 से 12 तक के सभी शासकीय, अशासकीय, निजी विद्यालय तथा आंगनवाड़ी केंद्र पूरी तरह बंद रहेंगे.
प्रशासन की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी बागेश्वर इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएंगे. यदि आदेश का उल्लंघन किया जाता है, तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी


