
- एसओजी टीम ने चेकिंग के दौरान दबोचा, पूर्व में भी चोरी और नशे के मुकदमों में जेल जा चुका है आरोपी
बागेश्वर। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एसओजी और पुलिस टीम को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा (IPS) के निर्देशन में चेकिंग अभियान चलाते हुए एसओजी की टीम ने एक शातिर नशा तस्कर को 8.15 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को प्रभारी निरीक्षक सलाउद्दीन खान के नेतृत्व में एसओजी टीम क्षेत्र में चेकिंग पर थी। इसी दौरान कफलखेत निवासी कमल नेगी (26 वर्ष) पुत्र नारायण उर्फ नंदन सिंह नेगी के कब्जे से 8.15 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कोतवाली बागेश्वर में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा (FIR NO-44/2026) पंजीकृत कर लिया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह वर्ष 2022 में भी एनडीपीएस एक्ट और 2023 में चोरी के मामले में जेल जा चुका है। एसपी जितेंद्र मेहरा ने बताया कि आरोपी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह स्मैक कहां से लाया था और जिले में किसे सप्लाई करने वाला था। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जीवन सिंह सामंत, कांस्टेबल रमेश सिंह, भुवन बोरा और विजय कुमार शामिल रहे।





