
रात के अंधेरे में तस्करी कर रहा था आरोपी, पुलिस खंगाल रही आपराधिक इतिहास और नेटवर्क
कपकोट (बागेश्वर)। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कपकोट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने रात के अंधेरे में बाइक से चरस की तस्करी कर रहे उत्तर प्रदेश निवासी एक आरोपी को 105 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर बाइक को सीज कर दिया है।
उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय देहरादून के निर्देशों पर जनपद में नशे के सौदागरों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को चेकिंग बढ़ाने और कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
इन निर्देशों के अनुपालन में कपकोट पुलिस टीम रविवार, 17 मई की रात को क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल (संख्या PB10CK 4346) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बाइक सवार के पास से 105 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बरेली का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मोहम्मद जुबेर पुत्र मोहम्मद इलियास के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से वार्ड नंबर 24, शेखपुर, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है, जो वर्तमान में कपकोट के असो क्षेत्र में रह रहा था। 38 वर्षीय आरोपी के खिलाफ कपकोट थाने में एफआईआर संख्या 30/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब आरोपी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज (नशा कहाँ से लाया और किसे बेचने जा रहा था) के साथ-साथ उसके पुराने आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल कर रही है।





