सुबह की सैर पर निकले सीएम धामी, व्यापारियों, महिलाओं, खिलाड़ियों से लिया योजनाओं का फीडबैक

ख़बर शेयर करें -

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत भ्रमण के दौरान शुक्रवार की सुबह सैर पर निकले। उन्होंने लोगों से बातचीत कर विकास कार्यों को लेकर फीडबैक लिया और लोगों की समस्याएं भी सुनीं। मुख्यमंत्री ने मुख्य बाजार के दुकान स्वामियों से भी बात कर उनका हाल-चाल जाना। गौरलचौड़ मैदान पहुँचकर खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे युवाओं से बातचीत की और उनका हौसला बढ़ाया।
सीएम धामी सर्किट हाउस से निकलते हुए ब्लॉक रोड स्थित नित्यानंद जोशी की चाय की दुकान में पहुंचे और सबसे पहले सूर्य नमस्कार किया फिर चाय की चुस्की ली। उन्होंने नित्यानंद जोशी और अन्य लोगों से बात करते हुए उनका हाल चाल जाना। साथ ही सरकारी योजनाओं, कार्यक्रमों और विकास कार्यों पर चर्चा की। इसी दौरान वहां बच्चे रियांश से मुख्यमंत्री ने बातें की और अपना आशीर्वाद दिया। इसके बाद नागनाथ वार्ड होते हुए वहां पर पानी भर रही महिलाओं से पेयजल की स्थिति के बारे में जाना। उसके बाद मुख्यमंत्री ने मुख्य बाजार में दुकान स्वामियों से भी बात कर उनके हालचाल जाने। गौरलचौड़ मैदान पंहुचकर मुख्यमंत्री ने वहां विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की प्रेक्टिस कर रहे युवाओं से बातें कीं और उन्हें शुभकामनाएं दी।