
बागेश्वर/कपकोट। पर्वतीय जिले में नशे के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कपकोट पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक स्कूटी पर सवार दो शातिर तस्करो. को 2.092 किलोग्राम अवैध चरस के साथ धर दबोचा। आरोपी इस भारी-भरकम खेप को उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में ले जाकर ऊंचे दामो. में खपाने की फिराक में थे। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
ऐसे बिछा पुलिस ने जाल, घबराहट से खुले राज
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा के निर्देशानुसार जनपद में अवैध नशे के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसओजी और थाना कपकोट की संयुक्त टीम शामा बैंड तिराहे पर सघन वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान मुनार रोड की तरफ से आ रही एक स्कूटी (संख्या UK 01 TA 4544) पर सवार दो युवको. ने पुलिस चेकिंग को देखकर घबराकर वाहन रोकने की कोशिश की।
पुलिसकर्मियों को शक हुआ तो उन्होंने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए स्कूटी को रोक लिया। तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की से एक बैग और उसके अंदर कैरी बैग में छिपाकर रखा गया 2.092 किलोग्राम काला बत्तीनुमा पदार्थ (चरस) बरामद हुआ।
गूगल पे और कैश से हुई थी डील
कड़ाई से पूछताछ में आरोपियो. ने अपनी पहचान राहुल वर्मा (पुत्र ओम शंकर वर्मा, निवासी- संजय नगर, थाना बारादरी, बरेली) और रोहित सिंह (पुत्र ओमकार सिंह, निवासी- दुर्गानगर, थाना इज्जतनगर, बरेली) के रूप में बताई। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि:
- वे यह चरस कपकोट के सुपी गांव निवासी रमेश नामक व्यक्ति से पैसे मिलाकर खरीदने आए थे।
- राहुल ने ऑनलाइन माध्यम (गूगल पे) से 30 हजार रुपये ट्रांसफर किए थे, जबकि रोहित ने 25 हजार रुपये नकद दिए थे।
- इस अवैध खेप को ढोने के लिए उन्होंने अल्मोड़ा से विशेष रूप से स्कूटी किराए पर ली थी, जिसे पुलिस ने सीज कर लिया है।




