
बागेश्वर : किच्छा विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता तिलक राज बेहड़ के साथ चुनाव के दौरान हुई कथित हाथापाई और अभद्रता के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। किच्छा के स्ट्रांग रूम के बाहर बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के समर्थकों के बीच विवाद के बाद राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। घटना के दौरान बेहड़ के साथ हाथापाई और थप्पड़ मारने के आरोप सामने आए हैं। किशन गिरी गोस्वामी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता एसबीआई तिराहे पर एकत्र हुए। इस दौरान उन्होंने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने घटना पर कड़ी आपत्ति जताई। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों द्वारा जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह का व्यवहार लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घटना की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों के साथ इस प्रकार की घटना नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रदर्शन में पूर्व अध्यक्ष भगवत सिंह डसीला, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री राजेंद्र टंगड़िया, मुन्ना पांडे, लक्ष्मी धर्मशक्तू, रमेश हरड़िया, सुरेश खेतवाल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।





