बागनाथ महिला ग्रुप ने जीती होली प्रतियोगिता, भागीरथी महिला ग्रुप रही उपविजेता

ख़बर शेयर करें -


बागेश्वर। जिले में पहली बार आयोजित महिला होली प्रतियोगिता बागनाथ महिला ग्रुप के नाम रही। भागीरथी महिला ग्रुप को दूसरा और मां उल्का देवी महिला ग्रुप को तीसरा स्थान मिला। विजेता को पांच हजार, उपविजेता को तीन हजार और तीसरे स्थान पर रही टीम को दो हजार का पुरस्कार प्रायोजक गौरव दास की ओर से प्रदान किया गया।


जिले में होली का पर्व उल्लास के साथ मनाया जाता है। महिला और पुरुष होल्यारों की टोली घर घर जाकर होली गायन करती हैं। नगरीय क्षेत्रों में होली को रोचक बनाने के उद्देश्य से पहली बार महिलाओं की होली प्रतियोगिता कराई गई। होली प्रतियोगिता में पांच महिला टीमों ने भागीदारी कर होली गीत गायन और स्वांग रचाए। वरिष्ठ होल्यार पंकज पांडेय, संगीतज्ञ राजेंद्र प्रसाद और शिक्षिका सविता जोशी प्रतियोगिता की निर्णायक रहे। महिलाओं ने खड़ी, बैठकी होली गीत, नृत्य और तरह तरह के स्वांग रचाकर निर्णायकों को प्रभावित करने का प्रयास किया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने कार्यक्रम में आकर प्रतियोगिता का लुत्फ उठाया। प्रतियोगिता का आयोजन युवा समिति की ओर से बागनाथ मंदिर परिसर में कराया गया।