बर्फबारी के बाद फिर बदलेगा प्रदेश का मौसम, लोगों को मिलेगी राहत

ख़बर शेयर करें -


उत्तराखंड में बर्फबारी और बारिश के बाद मौसम फिर करवट बदलेगा। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से मौसम साफ रहेगा और अधिकांश जिलों में धूप खिलने लगेगी। इस दौरान तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। हालांकि कुछ स्थानों पर पाला और कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तराखंड में बुधवार से मौसम शुष्क रहेगा। कहीं-कहीं पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छा सकते हैं। पहाड़ों में पाला पड़ने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने के बाद एक बार फिर प्रदेश में लोगों को धूप जैसी स्थिति बनती दिखेगी।

केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में अब तक चार फीट से अधिक बर्फबारी हो चुकी है। चमोली के औली टिहरी के धनोल्टी देहरादून के चकराता आदि में बर्फबारी का पर्यटकों ने खूब आनंद लिया। राज्य में अगले चार दिन तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाली चोटियों पर हल्की बर्फबारी जारी रहने के आसार हैं। हालांकि अन्य स्थानों पर मौसम साफ रहने की संभावना है।