
- शासन ने जारी की अभियंताओं की ट्रांसफर लिस्ट, बागेश्वर प्रांतीय खंड के EE भेजे गए टनकपुर
- सीडिकुल से आ रहे ऋषिराज वर्मा संभालेंगे बागेश्वर लोनिवि की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
बागेश्वर। उत्तराखंड शासन ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) में बड़े स्तर पर फेरबदल करते हुए अधिशासी अभियंताओं (EE) के कार्यक्षेत्रों में भारी उलटफेर कर दिया है। शासन द्वारा जारी इस नवीनतम सूची के तहत बागेश्वर जनपद में तैनात अधिशासी अभियंता का भी तबादला कर दिया गया है, जिसके बाद अब जिले की कमान एक नए अधिकारी के हाथों में सौंप दी गई है।
प्रस्तुत शासन के आधिकारिक आदेश के अनुसार, बागेश्वर लोनिवि प्रांतीय खंड में तैनात अधिशासी अभियंता संजय कुमार पांडेय का स्थानांतरण पीआईयू लोनिवि, टनकपुर के पद पर कर दिया गया है. वहीं, उनके स्थान पर अब अधिशासी अभियंता ऋषिराज वर्मा बागेश्वर प्रांतीय खंड के नए अधिशासी अभियंता (EE) की जिम्मेदारी संभालेंगे.
शासन के अनु सचिव दीपक कुमार द्वारा जारी इस आदेश में साफ निर्देश दिए गए हैं कि सभी संबंधित अभियंता तत्काल प्रभाव से अपने वर्तमान तैनाती स्थल से कार्यमुक्त होकर नवीन तैनाती के स्थान पर कार्यभार ग्रहण करना सुनिश्चित करेंगे. इस फेरबदल के बाद अब जिले में लंबित पड़े सड़क और बुनियादी ढांचे से जुड़े विकास कार्यों की रफ्तार को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी नए अधिशासी अभियंता ऋषिराज वर्मा के कंधों पर होगी।





