महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने मुंडवाया सिर, मुख्यमंत्री आवास किया कूच, अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई जांच कराने की मांग को लेकर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया।सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश मुख्यालय पर एकत्र हुए। इस दौरान महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने एक अन्य महिला कार्यकर्ता के साथ अपना सिर मुंडवाकर विरोध जताया।

गुरुवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत और कांग्रेस महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में सीएम आवास के लिए कूच किया। कांग्रेस महिला मोर्चा के प्रस्ताविक सीएम आवास कूच में 300 से अधिक महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं समेत करीब 500 कार्यकर्ता कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय पर एकत्र हुए और एक सभा का आयोजन किया। बाद में वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता पैदल मार्च निकालते हुए हाथ में तख्ती और नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री आवास घेराव के लिए निकले, लेकिन भारी पुलिस बल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सीएम आवास से पहले हाथीबड़कला के निकट बैरिकेडिंग लगाकर रोक लिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसमें महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव शांति रावत और कार्यकर्ता अनीता को हल्की-फुल्की चोटें आई। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। जहां महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रौतेला और प्रदेश महासचिव शिवानी मिश्रा थपलियाल ने भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध जताते हुए मौके पर ही अपना सिर मुंडवाया और अंकिता को श्रद्धांजलि दी।