
बागेश्वर। जनपद में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कौसानी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दहेज प्रताड़ना के चलते पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी पति को उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देशन में महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए जिलेभर में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है।
शादी के बाद से ही किया जा रहा था प्रताड़ित
मामला कोतवाली कौसानी क्षेत्र का है। बीते 20 जून 2026 को पीड़िता के पिता ने कोतवाली कौसानी में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी का विवाह अमित सिंह सजवाण पुत्र लाल सिंह सजवाण, निवासी भोजगण लौबाज (कोतवाली कौसानी) के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग बेटी को दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे, जिससे तंग आकर उनकी पुत्री ने आत्महत्या कर ली।
पुलिस उपाधीक्षक की जांच में पुख्ता हुए सबूत
तहरीर के आधार पर कौसानी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR No – 04/26 के तहत धारा 80(2)/85 बीएनएस (BNS) और 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 में मुकदमा पंजीकृत किया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विवेचना पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर अजय लाल साह को सौंपी गई थी।
मामले की विस्तृत विवेचना के दौरान पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को मृतका के पति अमित सिंह सजवाण के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले। साक्ष्य जुटाने के बाद सोमवार (31 अगस्त 2026) को कौसानी पुलिस टीम ने आरोपी पति को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर दिया है, जहां से आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।





