कांडा में 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

ख़बर शेयर करें -
  • सिमकुना-बाजड़ मार्ग पर थरन के पास हुआ दर्दनाक हादसा; ग्रामीणों ने क्रैश बैरियर न होने पर उठाए सवाल
  • हादसे में शंकर सिंह की मौत, राहुल नगरकोटी घायल; लोक निर्माण विभाग से सुरक्षा उपाय करने की मांग

कांडा (बागेश्वर)। कांडा-बाजड़-सिमकुना मोटर मार्ग पर थरन के समीप एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी सोमवार सुबह तब हुई जब ग्रामीणों ने भद्रवती नदी किनारे कार को दुर्घटनाग्रस्त देखा।

जानकारी के अनुसार सिमकुना निवासी शंकर सिंह (28) पुत्र कृपाल सिंह और राहुल सिंह नगरकोटी (32) पुत्र नरेंद्र सिंह ऑल्टो कार से जा रहे थे। थरन के पास वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में शंकर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल राहुल सिंह किसी तरह बाहर निकलकर पास के एक मकान के बरामदे तक पहुंचे।

यह भी पढ़ें 👉  ऑपरेशन प्रहार' के तहत झिरौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब के साथ एक गिरफ्तार

सुबह ग्रामीणों की सूचना पर थानाध्यक्ष बलवंत कम्बोज और तहसीलदार जगदीश गिरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल राहुल को सीएचसी कांडा में भर्ती कराया गया, जहां डॉ. दिव्य पांडेय की देखरेख में उनका इलाज जारी है।

यह भी पढ़ें 👉  भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, बुधवार को 1 से 12 तक के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

क्रैश बैरियर न होने से हादसा होने का आरोप

पूर्व जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र नगरकोटी और स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि संवेदनशील और तीखे मोड़ पर लोनिवि द्वारा क्रैश बैरियर लगाए गए होते, तो कार को खाई में गिरने से रोका जा सकता था। ग्रामीणों ने मांग की है कि इस पूरे मार्ग के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर तत्काल क्रैश बैरियर और सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जाए।

ADVERTISEMENTS Ad