
भारतीय तटरक्षक बल और हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट (एचएमआई), दार्जिलिंग के संयुक्त पर्वतारोहण दल ने 7,045 मीटर ऊंचे माउंट मुकुट ईस्ट का सफल आरोहण कर इतिहास रच दिया। सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में अभियान दल का फ्लैग-इन कर सदस्यों को बधाई दी।
एचएमआई के प्राचार्य कर्नल रजनीश जोशी के नेतृत्व में 15 सितंबर से 9 अक्टूबर 2026 तक चले इस अभियान में शिखर पर 2,500 वर्ग फुट का विशाल उत्तराखंड ध्वज फहराया गया। यह भारतीय तटरक्षक बल के इतिहास में 7,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली किसी चोटी का पहला सफल आरोहण है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह उपलब्धि पर्वतारोहियों के साहस, अनुशासन और टीम भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन और पर्वतारोहण की अपार संभावनाएं हैं। ऐसे अभियान युवाओं को कठिन परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा देते हैं।
कर्नल रजनीश जोशी ने बताया कि भारतीय तटरक्षक बल के वर्ष 2027 में प्रस्तावित स्वर्ण जयंती समारोह के तहत माउंट एवरेस्ट अभियान की तैयारी की जा रही है। माउंट मुकुट ईस्ट के आरोहण से मिले अनुभव इस अभियान में महत्वपूर्ण साबित होंगे। इससे पहले दल सिक्किम हिमालय की माउंट बीसी रॉय और माउंट थिंचेनखांग चोटियों का भी सफल आरोहण कर चुका है।
इस अवसर पर भारतीय तटरक्षक बल के अपर महानिदेशक आनंद प्रकाश बडोला सहित वरिष्ठ अधिकारी और अभियान दल के सदस्य मौजूद रहे।







