
बागेश्वर बागेश्वर पुलिस ने शहर में हुई स्कूटी चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई स्कूटी भी बरामद कर ली है। आरोपी स्कूटी को बेचने की फिराक में हल्द्वानी ले जा रहा था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
यह था पूरा मामला
विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) निवासी डॉ. शांति स्वरूप, जो वर्तमान में बागेश्वर जिला चिकित्सालय के पास रहते हैं, ने 18 दिसंबर को पुलिस में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि 16 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे विकास भवन पुल के पास ठंडी सड़क से उनकी स्कूटी (संख्या AP31ET 9512) चोरी हो गई है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
50 कैमरों ने खोला राज
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने घटना के खुलासे के लिए क्षेत्र के करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। शनिवार को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बागेश्वर-अल्मोड़ा मार्ग पर चौगांवछीना रोड से आरोपी दीपक सिंह उर्फ दीपांशु (24 वर्ष), निवासी ग्राम मल्लाफेर (कपकोट) को गिरफ्तार कर लिया।
हल्द्वानी में बेचने की थी योजना
पूछताछ में आरोपी ने कुबूल किया कि उसने 16 दिसंबर को ठंडी सड़क से स्कूटी चुराई थी और आज वह इसे बेचने के लिए हल्द्वानी ले जा रहा था। स्कूटी के इंजन और चेसिस नंबर का मिलान होने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम:
- प्रभारी निरीक्षक: अनिल उपाध्याय
- अपर उपनिरीक्षक: हेमा बुदियाल (विवेचनाधिकारी), प्रदीप गर्ब्याल, मोहन सिंह रावत
- कांस्टेबल: पूरन चन्द्र मठपाल, राजेन्द्र सिंह, कुलदीप वर्मा





