सरयू नदी के तेज बहाव में बहा युवक: कपकोट पुलिस, एनडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने सूझबूझ से बचाई जान

ख़बर शेयर करें -
  • सरयू पुल के पास कपड़े धोते समय फिसला पैर, नदी के तेज बहाव में बहने से मचा हड़कंप
  • सूचना मिलते ही एक्शन में आई पुलिस और एनडीआरएफ, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा उपचार

बागेश्वर।

बागेश्वर में सरयू नदी के तेज बहाव के बीच एक दर्दनाक हादसा होते-होते टल गया। सरयू पुल के समीप नदी में कपड़े धोते समय अचानक पैर फिसलने से गहरे पानी में बहे एक युवक को कपकोट पुलिस, एनडीआरएफ और स्थानीय लोगों की संयुक्त रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय पर चले बचाव अभियान के कारण युवक की जान बच गई। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कपकोट में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत खतरे से बाहर है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 11 बजे जम्मू-कश्मीर के जिला रियांसी (थाना रियांसी, ग्राम चिसाना) निवासी 20 वर्षीय मोहम्मद अशरफ पुत्र मोहम्मद अब्बास सरयू पुल के पास नदी किनारे कपड़े धो रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह गहरे पानी में जाकर नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया।

यह भी पढ़ें 👉  ऑपरेशन प्रहार और ऑपरेशन क्लीन स्वीप जारी: यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 23 वाहन चालक और बिना सत्यापन रह रहे 16 लोगों पर कार्रवाई

राजा शाही की सूचना पर तुरंत हरकत में आई पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही असो निवासी राजा शाही ने सूझबूझ का परिचय देते हुए दूरभाष के माध्यम से तुरंत कपकोट थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कपकोट के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत आपदा राहत उपकरणों के साथ मौके पर पहुंच गई। इसके बाद एनडीआरएफ के जवानों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से एक चुनौतीपूर्ण संयुक्त बचाव अभियान चलाया गया। टीम के सदस्यों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए युवक को नदी के तेज बहाव से सकुशल बाहर निकाल लिया।

अस्पताल में भर्ती, स्थिति सामान्य

सुरक्षित बाहर निकाले जाने के बाद युवक को प्राथमिक उपचार दिया गया और तत्काल एम्बुलेंस से सीएचसी कपकोट पहुंचाया गया। वर्तमान में चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है। घटना की सूचना पाकर युवक के अन्य साथी भी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने समय रहते त्वरित कार्रवाई कर युवक की जान बचाने के लिए बागेश्वर पुलिस, एनडीआरएफ और रेस्क्यू टीम काि आभार जताया है।

यह भी पढ़ें 👉  धनुषपुल के पास चेकिंग में दबोचा बरेली का तस्कर, कार से 2,770 नशीली गोलियां व कैप्सूल बरामद

प्रशासन की अपील—नदियों के किनारे बरतें सतर्कता

इस घटना के बाद बागेश्वर पुलिस ने स्थानीय नागरिकों, बाहर से आए श्रमिकों और पर्यटकों से पुरजोर अपील की है कि वे नदियों के तेज बहाव, गहरे घाटों और फिसलन भरे पत्थरों के आसपास जाने से बचें। पुलिस ने हिदायत दी है कि थोड़ी सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय आपातकालीन सेवा नंबर 112 पर सूचना देने की अपील की गई है।

ADVERTISEMENTS Ad