
पल्सर बाइक से ठिकाने लगाने जा रहे थे लाखों की खेप, नाबालिग भी संरक्षण में
बागेश्वर। “नशा मुक्त उत्तराखण्ड” मुहिम के तहत पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जारी ‘ऑपरेशन प्रहार’ में बागेश्वर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। एसपी जितेंद्र मेहरा के नेतृत्व में एसओजी और कपकोट पुलिस ने 2.116 किलोग्राम अवैध चरस के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। मौके से एक नाबालिग (विधि विवादित किशोर) को भी संरक्षण में लिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी:
पुलिस उपाधीक्षक कपकोट के पर्यवेक्षण में चेकिंग के दौरान एसओजी प्रभारी जीवन सामन्त की टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर थाना कपकोट क्षेत्र के गासी रोड के पास घेराबंदी की। इस दौरान एक पल्सर मोटरसाइकिल (UK02A 8565) को रोककर जब राजपत्रित अधिकारी के समक्ष तलाशी ली गई, तो वाहन सवारों के पास से 2 किलो से अधिक अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बाइक को मौके पर ही सीज कर दिया है।
आरोपी का है आपराधिक इतिहास:
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज सिंह कोश्यारी (22 वर्ष), निवासी ग्राम फरसाली वल्ली (कपकोट) के रूप में हुई है, जिसका पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस अब इसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड नेटवर्क को खंगाल रही है। आरोपियों के खिलाफ थाना कपकोट में NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है। इस बड़ी सफलता पर एसपी ने पूरी एसओजी टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।







