रेडक्रॉस स्वयंसेवियों और वृक्ष पुरुष ने अनूठे अंदाज में मनाया रक्षाबंधन, जीता लोगों का दिल

ख़बर शेयर करें -


बागेश्वर। भाई-बहन के अटूट प्रेम का त्योहार रक्षाबंधन घर-घर में उल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाईयों की कलाई पर राखी बांधी, भाइयों ने बहनों को आकर्षक उपहार दिए और जीवन भर उनका साथ देने और सुरक्षा करने का वचन दिया। वहीं रेडक्रॉस स्वयंसेवियों और वृृक्ष पुरुष किशन सिंह मलड़ा ने अनूठे अंदाज में रक्षाबंधन का त्योहार मनाकर लोगों का दिल जीत ‌‌‌लिया।
 रेडक्रॉस स्वयंसेवियों ने आश्रम पद्धति आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाली गरीब परिवारों की बालिकाओं के साथ रक्षा बंधन मनाया। घर-परिवार से दूर इन छोटी-छोटी बालिकाओं के बीच जब रेडक्रॉस की टीम पहुंची तो छात्राओं की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। स्वयंसेवियों के साथ बालिकाओं ने केक काटा और स्वयंसेवियों को रक्षा सूत्र बांधे। सोसायटी के जिला सचिव आलोक पांडेय ने कहा कि त्योहार में अपनी खुशियों को जरुरतमंदों के साथ सांझा करने का जो आनंद है, वह किसी भी अन्य कार्य में नहीं। उन्होंने बालिकाओं को आश्वासन दिया कि हर त्योहार में वह इसी तरह उनके बीच आने का प्रयास करेंगे। आधे घंटे के इस उत्सव का बालिकाओं ने खूब लुत्फ उठाया। इस मौके पर चेयरमैन संजय साह जगाती, वाइस चैयरमैन इंद्र सिंह फर्स्वाण, कोषाध्यक्ष जगदीश उपाध्याय, ललित मोहन जोशी, डॉ. हरीश दफौटी, कन्हैया वर्मा, मोहिउद्दीन अहमद तिवारी, आरपी कांडपाल, देवेंद्र कार्की, मनोज ओली, कीर्तिका आदि मौजूद रहे।


 इधर वृृक्ष पुरुष किशन सिंह मलड़ा ने हर साल की तरह इस बार भी अपनी देवकी लघु वाटिका वाटिका के पेड़-पौधों को राखी बांधकर उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया। पेड़-पौधों को जीवन समर्पित कर चुके मलड़ा के इस नेक कार्य में उनके परिवार और आसपास के लोगों ने भी सहयोग ‌किया। पेड़ों को रक्षासूत्र बांधने का यह उत्सव बकायदा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। पंडित बसंत बल्लभ जोशी के मंत्रोच्चार के बीच पेड़ों को राखी बांधी गई। इस मौके पर वृक्ष पुरुष की माता देवकी देवी, प्रशांत मलड़ा, रमा देवी, मनीषा मलड़ा, राजेंद्र सिंह समेत कई अन्य लोग मौजूद थे।