
बागेश्वर। जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने और यातायात को सुगम बनाने के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 45 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत कार्रवाई की गई। इस दौरान गंभीर लापरवाही बरतने पर तीन वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
नशे में ड्राइविंग और बिना कागजात के दौड़ा रहे थे वाहन
चेकिंग के दौरान थाना कपकोट पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए तीन वाहनों को सीज किया। इनमें एक ऑल्टो कार (UK02 TA 2712) के चालक को शराब पीकर वाहन चलाने के जुर्म में गिरफ्तार कर गाड़ी को कब्जे में लिया गया। इसके अतिरिक्त, एक निजी वाहन (UK02B 4578) को सवारी वाहन के रूप में व्यावसायिक उपयोग करने और एक अन्य वाहन (UK18 G 4662) को बिना वैध लाइसेंस (DL) व आरसी (RC) के पाए जाने पर सीज किया गया।
हुड़दंगियों और नशा करने वालों पर भी हुई कार्रवाई
पुलिस की कार्रवाई केवल सड़कों तक सीमित नहीं रही। सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने और हुड़दंग मचाने वाले 16 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वहीं, कोटपा अधिनियम का उल्लंघन कर सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वाले 17 लोगों के भी चालान काटे गए।
सत्यापन और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
जनपद की आंतरिक सुरक्षा को देखते हुए बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन अभियान लगातार जारी है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।





