
3.17 ग्राम स्मैक के साथ दबोचा गया शातिर अनिल कुमार, बागेश्वर और रानीखेत में पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
बागेश्वर। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा (IPS) के निर्देशन में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बागेश्वर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसओजी (SOG) टीम ने चेकिंग के दौरान एक शातिर स्मैक तस्कर को 3.17 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के लंबे आपराधिक इतिहास को देखते हुए कोतवाली बागेश्वर में उसकी हिस्ट्रीशीट भी खोल दी गई है।
मंगलवार को एसओजी प्रभारी निरीक्षक सलाउद्दीन के नेतृत्व में टीम द्वारा जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस ने अनिल कुमार पुत्र जगदीश राम, निवासी घटबगढ़ (वार्ड बागनाथ) को संदिग्ध अवस्था में रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से 3.17 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए 22 वर्षीय अभियुक्त अनिल कुमार का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड काफी चौंकाने वाला है। उसके विरुद्ध पूर्व में कोतवाली बागेश्वर और कोतवाली रानीखेत (अल्मोड़ा) में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। ताजा मामले में पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली बागेश्वर में मु.अ.सं. 27/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीकृत किया है।
लगातार नशे के कारोबार में लिप्त रहने के कारण पुलिस ने अब अभियुक्त की हिस्ट्रीशीट खोलकर उसकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सलाउद्दीन के साथ कांस्टेबल रमेश सिंह, संतोष सिंह और भुबन बोरा शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।





