
बागेश्वर । जिले के कपकोट तहसील अंतर्गत असों-भैरूं मोटरमार्ग पर बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां घास लेने जा रही एक पिकअप संख्या यूके 02 सीए 0677 अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार पांच महिलाएं घायल हो गईं। घायलों में से दो महिलाओं की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। कपकोट के असों क्षेत्र में एक पिकअप वाहन ग्रामीण महिलाओं को लेकर घास लेने जा रहा था। इसी दौरान असों-भैरूं मोटरमार्ग पर अचानक वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पिकअप चालक भगवत सिंह बड़ती की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार खटगेड़ा (असों) निवासी सुरमा देवी (56) पत्नी स्वर्गीय पुष्कर सिंह और ऐठाण निवासी कमला देवी (32) पत्नी संतोष ऐठानी गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसके अलावा उमा शाही (25) पत्नी भुवन शाही, तारा देवी (33) पत्नी देवेंद्र सिंह और राधा (27) पत्नी महेश सिंह शाही को सामान्य चोटें आई हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को खाई से रेस्क्यू कर तत्काल नजदीकी चिकित्सालय भिजवाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर करने की तैयारी की जा रही है। चालक की मौत से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।





