
नई दिल्ली। साल 2026 का केंद्रीय बजट पेश हो चुका है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज संसद में मोदी सरकार के विजन का पिटारा खोला। इस बजट में एक तरफ जहां भविष्य के भारत की नींव रखने के लिए 12.2 लाख करोड़ का बड़ा फंड दिया गया है, वहीं दूसरी तरफ आम टैक्सपेयर्स के हाथ इस बार भी खाली ही रहे।
मिडिल क्लास: उम्मीदें टूटीं, टैक्स में राहत नहीं
अगर आप सोच रहे थे कि इस बार इनकम टैक्स में कुछ छूट मिलेगी, तो आपको निराशा हो सकती है। सरकार ने टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया है। स्टैंडर्ड डिडक्शन पर भी चुप्पी साधी गई है, जिसका मतलब है कि नौकरीपेशा वर्ग को अपनी पुरानी प्लानिंग पर ही टिके रहना होगा।
क्या हुआ सस्ता और क्या महंगा?
- सस्ता: कैंसर की 17 दवाएं अब कम दाम में मिलेंगी (कस्टम ड्यूटी में कटौती)।
- महंगा: शेयर बाजार में ट्रेडिंग करना अब भारी पड़ेगा, क्योंकि F&O पर टैक्स (STT) बढ़ा दिया गया है।
बजट की 5 बड़ी बातें जो आपको जाननी चाहिए:
- 7 नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर: वंदे भारत के बाद अब देश में बुलेट ट्रेन जैसी रफ्तार वाले 7 नए रूट तैयार होंगे।
- AI एग्री टूल: किसानों के लिए ‘भारत विस्तार AI’ लॉन्च होगा, जो मौसम की मार से फसलों को बचाने में मदद करेगा।
- हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल: बेटियों की पढ़ाई के लिए सरकार हर जिले में एक हॉस्टल बनवाएगी।
- सेमीकंडक्टर मिशन 2.0: भारत अब दुनिया का चिप मेकर बनेगा, इसके लिए भारी निवेश का ऐलान हुआ है।
- सेंसेक्स धड़ाम: बजट भाषण के दौरान ही शेयर बाजार में हड़कंप मच गया और सेंसेक्स 2000 अंक तक नीचे गिर गया।
एक्सपर्ट की राय
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यह बजट ‘ग्रोथ’ वाला तो है, लेकिन आम आदमी की बचत बढ़ाने वाला नहीं। सरकार ने उपभोग (Consumption) के बजाय निर्माण (Construction) पर ज्यादा जोर दिया है।
ADVERTISEMENTS





