
घटबगड़ निवासी युवक के पास से 2.44 ग्राम स्मैक बरामद, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
बागेश्वर। नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत बागेश्वर पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसओजी की टीम ने चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली बागेश्वर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
एसओजी टीम ने जाल बिछाकर दबोचा पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसओजी की टीम गुरुवार को क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस टीम ने संदेह होने पर एक युवक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 26 वर्षीय अजय कुमार पुत्र स्वर्गीय राजू राम, निवासी घटबगड़ (कोतवाली बागेश्वर) के कब्जे से 02.44 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया और बरामद स्मैक को सील कर दिया।
मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कोतवाली बागेश्वर में आरोपी अजय कुमार के विरुद्ध मु.अ.सं. एफआईआर संख्या 18/26, धारा 08/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह स्मैक कहां से लाया था और इसे किसे बेचने की फिराक में था।
ये रहे पुलिस टीम में शामिल गिरफ्तारी करने वाली एसओजी टीम में प्रभारी निरीक्षक सल्लाउद्दीन खान, कांस्टेबल भुवन बोरा, संतोष सिंह, चंदन कोहली और राजेंद्र कुमार शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।





