
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन’ को साकार करने के लिए नैनीताल पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में हल्द्वानी पुलिस ने एक महिला तस्कर को 132 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 36 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।
चेकिंग के दौरान धरी गई महिला तस्कर पुलिस अधीक्षक (नगर) मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में कोतवाली प्रभारी विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम एफटीआई गेट के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बनभूलपुरा निवासी जोया खान (30 वर्ष) पत्नी मजहर आलम को संदिग्ध अवस्था में रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने अभियुक्ता के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है। महिला का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है।
पुलिस टीम को मिला इनाम सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल ने 2000 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। टीम में उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह मेहता, मनोज कुमार, कांस्टेबल तारा सिंह और महिला कांस्टेबल अनिता फुलेरिया शामिल रहे।
तीन माह में 2.66 करोड़ की स्मैक बरामद नशे के खिलाफ नैनीताल पुलिस का प्रहार आंकड़ों में भी दिख रहा है। इस वर्ष के शुरुआती तीन महीनों में पुलिस ने अब तक 14 मुकदमे दर्ज कर 18 तस्करों (2 महिला तस्करों सहित) को जेल भेजा है। इस अवधि में कुल 901.242 ग्राम स्मैक बरामद की जा चुकी है, जिसकी कुल कीमत करीब 2 करोड़ 66 लाख 30 हजार रुपये है।
तस्करों की संपत्ति होगी कुर्क एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में नशे का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पुलिस न केवल तस्करों को जेल भेज रही है, बल्कि उनके द्वारा अवैध रूप से कमाई गई संपत्तियों के जब्तीकरण (अटैचमेंट) की कार्रवाई भी अमल में लाई जा रही है, ताकि नशे के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।





