
बागेश्वर। जिले में बर्फबारी के बाद बिजली लाइनों में आए तकनीकी फॉल्ट और ब्रेकडाउन ने शनिवार को उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दीं। मुख्य लाइनों के ठप होने से आधे से ज्यादा जनपद में बिजली गुल रही, जिससे कड़ाके की ठंड में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। विद्युत वितरण खंड बागेश्वर के अंतर्गत कई महत्वपूर्ण फीडर और 33 केवी की लाइनें ब्रेकडाउन होने से आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है।
सोमेश्वर के भरोसे बागेश्वर की बिजली
विद्युत विभाग के अनुसार, 33 केवी काफलीगैर से ताकुला लाइन ब्रेकडाउन होने और काफलीगैर-बागेश्वर लाइन होल्ड होने के कारण बागेश्वर को मिलने वाली मुख्य बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। वर्तमान में जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों को केवल सोमेश्वर लाइन के जरिए बिजली दी जा रही है, जिससे ओवरलोड और लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है।
शामा और कपकोट में भारी किल्लत
सबसे बुरा हाल कपकोट और शामा तहसील का है। 33 केवी नाचनी से थल लाइन में खराबी के कारण शामा क्षेत्र की बिजली पूरी तरह गुल है। वहीं, 11 केवी कपकोट और 11 केवी ग्वालदम फीडर में भी ब्रेकडाउन की वजह से दर्जनों गांव अंधेरे में डूबे हुए हैं। कौसानी क्षेत्र में भी 33 केवी लाइन तो चालू है, लेकिन 11 केवी एमईएस फीडर में कई जगह फॉल्ट होने से वहां भी बिजली नदारद है।
कहां-कहां बिजली हुई गुल
विजयपुर और बनलेख: 33 केवी लाइन में ब्रेकडाउन से सप्लाई ठप।
शामाक्षेत्र: नाचनी-थल लाइन खराब होने से पूरी तरह ब्लैकआउट।
कपकोट व ग्वालदम: 11 केवी फीडर में तकनीकी खराबी से आपूर्ति बंद।
कौसानी: फीडर में मल्टीपल फॉल्ट (कई जगह खराबी) से संकट।
काफलीगैर-ताकुला: मुख्य लाइन ब्रेकडाउन होने से जिला मुख्यालय पर दबाव।
लाइनों में आए तकनीकी फॉल्ट को ठीक करने के लिए टीमें मैदान में जुटी हैं। विजयपुर, बनलेख और कपकोट फीडर को जल्द सुचारू करने का प्रयास किया जा रहा है। खराब मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों के कारण मरम्मत में समय लग रहा है।
मोहम्मद अफजालईई ऊर्जा निगम बागेश्वर





