
बागेश्वर। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देशन में जनपद पुलिस इन दिनों अपराधियों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त तेवर अपनाए हुए है। शुक्रवार को ‘ऑपरेशन प्रहार’ और अवैध खनन के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग पिकअप वाहनों को सीज कर उनके चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की है।
पहली कार्रवाई: नशे में धुत्त होकर पिकअप चला रहा चालक धराया ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली बागेश्वर पुलिस नगर के माल रोड और आसपास के क्षेत्रों में चेकिंग कर रही थी। इस दौरान मालटा निवासी उम्मेद कनवाल को पिकअप संख्या (UK02C 1066) चलाते हुए रोका गया। पुलिस ने जब ‘ब्रिथ एनालाइज़र’ से जांच की तो चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। सार्वजनिक सड़क पर नशे में वाहन चलाकर दूसरों की जान जोखिम में डालने पर पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत कार्रवाई करते हुए पिकअप को मौके पर ही सीज कर दिया और चालक को गिरफ्तार कर लिया।
दूसरी कार्रवाई: अवैध रेता के परिवहन पर पुलिस का डंडा अवैध खनन के खिलाफ जारी अभियान के तहत पुलिस ने नगर क्षेत्र में ही एक अन्य पिकअप (UK02CA 0794) को अवैध रेता ले जाते हुए पकड़ा। वाहन चालक प्रदीप कुमार, निवासी सिमसारी, पुलिस को रॉयल्टी या अवैध खनन से संबंधित कोई भी वैध प्रपत्र नहीं दिखा सका। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया है। पुलिस ने इस मामले की विस्तृत रिपोर्ट उप जिलाधिकारी (एसडीएम) बागेश्वर को भेजी है, ताकि आरोपी पर भारी जुर्माना लगाया जा सके।
नियम तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा: एसपी पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जनपद में नशे में वाहन चलाने और अवैध खनन करने वालों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में चेकिंग अभियान तेज करें ताकि सड़क दुर्घटनाओं और प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन पर लगाम लगाई जा सके।





