डीएम का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर जताई नाराजगी; अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

बागेश्वर। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने गुरुवार को तहसील कांडा का औचक निरीक्षण कर कार्यालय व्यवस्था, अभिलेखों के रख-रखाव और कर्मचारियों की उपस्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने उपस्थिति पंजिका, डिस्पैच रजिस्टर और पत्र प्राप्ति रजिस्टर सहित विभिन्न अभिलेखों की जांच की। इस दौरान कार्यालय कार्यों में लापरवाही और कर्मचारियों की अनुपस्थिति पाए जाने पर उन्होंने प्रभारी तहसीलदार से लेकर अनुपस्थित कर्मचारियों के वेतन आहरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने तहसील परिसर स्थित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। यहां व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं मिलीं और कंट्रोल रूम का फोन भी बंद पाया गया। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड कर्मियों के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी तहसीलदार के कार्यालय में देर से पहुंचने पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए उनका वेतन रोकने और स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। आरके सेक्शन में अभिलेखों की जांच करते हुए आपदा मद में वितरित धनराशि, जीपीएफ और सेवा पुस्तिकाओं के संधारण की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
दस्तावेजों का समुचित संधारण न मिलने पर डीएम ने बिलों और भुगतान से जुड़े अभिलेखों की गहन जांच कर आवश्यक निर्देश दिए। इसके अलावा अलाव के लिए उपयोग की गई लकड़ी और कंबल वितरण से संबंधित बिलों का भी परीक्षण किया गया। पेशकार से केस डायरी का अवलोकन करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए गए। वहीं तहसील परिसर के समीप निर्माणाधीन न्यायालय भवन और आवासीय भवन की प्रगति का भी डीएम ने जायजा लिया और गुणवत्ता बनाए रखते हुए तय समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आमजन को समयबद्ध व पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान तहसील परिसर के कर्मचारी भी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  प्रभारी मंत्री राम सिंह कैड़ा की उपस्थिति में धूमधाम से मनाया गया हरेला पर्व, जौलकांडे में हुआ व्यापक पौधरोपण
Ad