जनता दरबार में अधिकारियों पर बरसीं डीएम, एसीएमओ की जमकर लगाई क्लास: देखें वीडियो

ख़बर शेयर करें -

अनुशासनहीनता पर डीएम का सख्त एक्शन: एसीएमओ का फोन कराया जमा, आचरण पर शासन को भेजी जाएगी रिपोर्ट

बागेश्वर। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार में आयोजित जनता दरबार में प्रशासनिक अनुशासन की मिसाल देखने को मिली. बैठक के दौरान शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और अधिकारियों के गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार पर डीएम ने सख्त रुख अपनाया. सबसे अधिक चर्चा अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (एसीएमओ) डॉ. अमित मिश्रा की रही, जिन्हें अनुशासनहीनता के चलते जिलाधिकारी की भारी नाराजगी और फटकार का सामना करना पड़ा.

एसीएमओ का फोन जब्त, शासन को भेजी जाएगी रिपोर्ट

समीक्षा बैठक के दौरान जब डीएम आकांक्षा कोंडे स्वास्थ्य विभाग से जुड़े किसी गंभीर विषय पर एसीएमओ डॉ. अमित मिश्रा से जवाब मांग रही थीं, तो अधिकारी का व्यवहार बेहद आपत्तिजनक रहा. उन्होंने तंज भरे लहजे में कहा कि “काम करने के लिए तो हम हल्द्वानी से यहाँ बागेश्वर में पड़े हैं.” इतना ही नहीं, जिलाधिकारी से वार्ता के दौरान ही वे मोबाइल पर किसी को फोन मिलाने लगे.

यह भी पढ़ें 👉  ऑपरेशन प्रहार' : दो किलो चरस संग तस्कर दबोचा

अधिकारी के इस आचरण पर डीएम भड़क गईं. उन्होंने इसे सेवा नियमावली का खुला उल्लंघन बताते हुए तत्काल कर्मियों से उनका मोबाइल फोन जमा करने को कहा. डीएम ने कड़ी फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि वे इस पूरे प्रकरण से शासन को अवगत कराएंगी कि एसीएमओ का आचरण पद की गरिमा के अनुकूल नहीं है.

पेयजल और सड़कों को लेकर कड़े निर्देश

जनता दरबार में खुनौली में पेयजल समस्या, डोला में सीसी खड़ंजा निर्माण और मंडलसेरा में आधार केंद्र की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे उठे. डीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर समस्याओं का समाधान करें. जिला योजना के तहत स्वीकृत कार्यों के लिए सभी विभागों को 30 अप्रैल तक टेंडर प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए. इसके साथ ही ई-ऑफिस प्रणाली के जरिए पत्रावलियां भेजने और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण करने की हिदायत दी गई.

यह भी पढ़ें 👉  बदियाकोट में मां भगवती के ऐतिहासिक मंदिर में लगी भीषण आग, मुख्य मंदिर को भारी नुकसान

यूट्यूबर की ‘बिना अनुमति’ वाली शिकायत पर ठहाके

बैठक में उस वक्त हंसी का माहौल बन गया जब एक यूट्यूबर ने बिना अनुमति वीडियोग्राफी पर रोक लगाने की मौखिक शिकायत की. दिलचस्प बात यह थी कि वह अपनी इस शिकायत का वीडियो भी अपने कैमरामैन से बनवा रहा था. जिलाधिकारी ने मौके पर ही उसे टोकते हुए कहा कि “आप स्वयं भी यहाँ बिना आज्ञा के वीडियो बना रहे हैं.” डीएम की इस हाजिरजवाबी और नसीहत पर पूरा सभागार ठहाकों से गूंज उठा.

बैठक में सीडीओ आर.सी. तिवारी, एडीएम एन.एस. नबियाल, एसडीएम प्रियंका रानी सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे

ADVERTISEMENTS Ad