जिलाधिकारी ने जनता दरबार में सुनी जनसमस्याएं, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी

ख़बर शेयर करें -

बागेश्वर। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में आज जिला सभागार में ‘जनता दरबार’ का आयोजन किया गया। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के सम्मुख रखीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने अधिकतर शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया और शेष समस्याओं के लिए समयसीमा निर्धारित की।

पात्रों को लाभ न मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई

जिलाधिकारी ने कड़े तेवर अपनाते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि नियमों की जानकारी के अभाव या विभागीय लापरवाही के कारण कोई लाभार्थी वंचित रहता है, तो इसकी सीधी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी और उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  छत से गिरकर चालक की मौत, हायर सेंटर ले जाते वक्त तोड़ा दम, परिवार में छाया मातम

पेयजल और स्वच्छता पर विशेष फोकस

बैठक में पेयजल की किल्लत पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने कांडा पंपिंग योजना की डेली मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद के हर गांव में शत-प्रतिशत पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। वहीं, नगर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पर मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी ने असंतोष जताया, जिस पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका को तत्काल टीम गठित कर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  बदियाकोट में मां भगवती के ऐतिहासिक मंदिर में लगी भीषण आग, मुख्य मंदिर को भारी नुकसान

हेल्पलाइन और जनगणना कार्यों की समीक्षा

जनता दरबार में सीएम हेल्पलाइन और जिला स्तरीय हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से जवाब-तलब करते हुए सभी शिकायतों का 100% समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने आगामी जनगणना कार्यों को प्राथमिकता देते हुए सभी कर्मचारियों को स्व-गणना प्रक्रिया पूर्ण करने और जन-जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी सहित जनपद के समस्त जिला स्तरीय अधिकारी और विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad