
खुनौली के मल्ला सन्युड़ा में जश्न का माहौल: 20 सिक्ख रेजिमेंट में लेफ्टिनेंट बने अमित का भव्य स्वागत
बागेश्वर। भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) देहरादून से पास आउट होकर और सेना में अधिकारी बनकर पहली बार अपने पैतृक गांव खुनौली पहुंचे अमित कांडपाल का ग्रामीणों ने ऐतिहासिक स्वागत किया। मल्ला सन्युड़ा गांव में अमित के पहुंचते ही पूरा क्षेत्र ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा। ग्रामीणों ने अपने लाडले को फूलमालाओं से लाद दिया और ढोल-नगाड़ों के साथ उनकी अगवानी की।
बीते शनिवार को आईएमए की पासिंग आउट परेड में अमित के पिता सूबेदार मेजर किशोर कांडपाल और माता हेमा कांडपाल ने उनके कंधों पर लेफ्टिनेंट के सितारे सजाए थे। बुधवार को गांव पहुंचने पर ग्राम प्रधान जया देवी, नंदा बल्लभ पांडेय, मदन कांडपाल और चंद्रशेखर कांडपाल सहित स्थानीय लोगों ने अमित का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी इस उपलब्धि से पूरा सणगांव गौरवान्वित हुआ है।
तीन पीढ़ियों से रगों में बह रहा देशसेवा का जज्बा अमित कांडपाल ने अपने परिवार की गौरवशाली सैन्य परंपरा को तीसरी पीढ़ी के रूप में आगे बढ़ाया है। उनके दादा स्व. पदमादत्त कांडपाल और पिता किशोर कांडपाल ने भी भारतीय सेना में रहकर देश की रक्षा की है। अमित ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा आर्मी पब्लिक स्कूल दिल्ली से पूरी करने के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक किया और फिर सीडीएस परीक्षा के माध्यम से सेना में अधिकारी बनने का सपना पूरा किया। उन्हें सेना की प्रतिष्ठित 20 सिक्ख रेजिमेंट में तैनाती मिली है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि अमित से प्रेरणा लेकर क्षेत्र के अन्य युवा भी सेना में ऊंचे मुकाम हासिल करेंगे।





