अनियंत्रित होकर 150 मीटर गहरी खाई में गिरी ऑल्टो कार, तीन लोगों की मौत

ख़बर शेयर करें -

जागर कार्यक्रम से लौट रहे थे तीनों जागरी; तड़के भाटिया-भिकियासैंण मार्ग पर रापड़ मोड़ के पास हुआ हादसा, एसडीआरएफ और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

जनपद के भतरोंजखान थाना क्षेत्र से आज सुबह एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां रापड़ मोड़ से सोनी रानीखेत की ओर जाने वाले मार्ग पर बृहस्पतिवार तड़के एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों मृतक पेशे से जागरी बताए जा रहे हैं, जो एक धार्मिक अनुष्ठान से वापस लौट रहे थे।

सड़क पर पड़ी नंबर प्लेट से हुआ हादसे का खुलासा पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह करीब चार बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि भाटिया-भिकियासैंण मार्ग के पास सड़क पर एक वाहन की नंबर प्लेट (यू.के. 04एफ-6683) पड़ी हुई है और पास में ही एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है। मौके पर कोई वाहन न दिखने पर स्थानीय लोगों और राहगीरों ने गाड़ी के खाई में गिरने की आशंका जताई।

यह भी पढ़ें 👉  हंगामा करने पर पुलिस का 'प्रहार', बागेश्वर में शांति भंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार

खाई से बरामद हुए तीनों शव हादसे की सूचना मिलते ही भतरोंजखान पुलिस, 108 आपातकालीन सेवा, आपदा कंट्रोल रूम, एस.डी.आर.एफ., राजस्व और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। दुर्गम खाई में संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम जब करीब 150 मीटर नीचे पहुंची, तो वहां ऑल्टो कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिली। कार में सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

मृतकों की हुई पहचान पुलिस के अनुसार, मृतकों में दो की पहचान भुवन पुत्र दीवान राम (निवासी ग्राम सनेटी, तहसील रानीखेत) और कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम (उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम दौड़ाखाल, तहसील रानीखेत) के रूप में हुई है। तीसरे मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  नाबालिग से दरिंदगी का आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, पुलिस का 'आपरेशन प्रहार' जारी

जागर कार्यक्रम से लौट रहे थे मृतक परिजनों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, तीनों मृतक जागरी का कार्य करते थे। वे मंगलवार की रात ग्राम चमोली पुसैला में आयोजित एक जागर कार्यक्रम में गए थे। बुधवार की देर रात कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वे कार से वापस रानीखेत की ओर लौट रहे थे, तभी तड़के यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस ने तीनों शवों को खाई से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत मोर्चरी भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

ADVERTISEMENTS Ad