जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण को लेकर प्रशासन सख्त: सीडीओ ने जनता दरबार में सुनीं फरियाद

ख़बर शेयर करें -

बागेश्वर। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। इस दौरान पेयजल, विद्युत, आपदा राहत और सड़क निर्माण से जुड़ी शिकायतों पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।

शिकायतों का मौके पर निस्तारण जनता दरबार में अधिकांश समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया गया। जो प्रकरण शेष रह गए, उन्हें संबंधित विभागों को भेजते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने एक निश्चित समय सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी विभागीय अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा।

यह भी पढ़ें 👉  7,045 मीटर की ऊंचाई पर लहराया उत्तराखंड का गौरव, मुकुट ईस्ट फतह कर लौटा पर्वतारोहण दल

सीएम हेल्पलाइन की गुणवत्ता पर विशेष जोर बैठक में सीएम हेल्पलाइन और ‘हेलो बागेश्वर’ पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का समाधान गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। जिन विभागों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं मिला और जिनमें संपर्क करने का प्रतिशत कम पाया गया, उन्हें भविष्य के लिए चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  ऑपरेशन प्रहार' : दो किलो चरस संग तस्कर दबोचा

समाचारों का भी लिया संज्ञान इसके अतिरिक्त, विभिन्न समाचार पत्रों में जनहित से जुड़े प्रकाशित समाचारों पर भी मुख्य विकास अधिकारी ने संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से जो भी जनसमस्याएं सामने आती हैं, उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके। बैठक में जनपद स्तरीय सभी अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad