
बागेश्वर। पुलिस ने नाबालिग के साथ उत्पीड़न और दुष्कर्म के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। थाना कपकोट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और पोक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
तहरीर मिलते ही एक्शन में आई पुलिस पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 को एक वादिनी ने थाना कपकोट में तहरीर देकर अभियुक्त के विरुद्ध गंभीर आरोप लगाए थे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल बीएनएस की धारा 65(1), 88 और पोक्सो एक्ट की धारा 5(L)/5(N)/5(J)(ii)/6 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
मल्लादेश फरसाली से हुई गिरफ्तारी कपकोट थाना पुलिस ने दबिश देकर आरोपी भूपाल शाह (47 वर्ष), पुत्र स्व. देव शाह, निवासी ग्राम मल्लादेश फरसाली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बुधवार को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस की चेतावनी पुलिस अधीक्षक कार्यालय की मीडिया सेल ने बताया कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है। ऐसे मामलों में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। कपकोट पुलिस अब मामले में आगे की विधिक कार्यवाही में जुट गई है।





