
बागेश्वर। उत्तराखंड में महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत बागेश्वर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है झिरौली थाना पुलिस ने नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर पड़ोसी जनपद अल्मोड़ा के पपरसेली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है.
यह था पूरा मामला: बीते 6 जुलाई को एक पीड़ित पिता ने झिरौली थाने में अपनी 14 वर्षीय नाबालिग पुत्री के गुमशुदा होने की शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस ने तत्काल तत्परता दिखाते हुए प्राथमिकी दर्ज कर खोजबीन शुरू की. पुलिस टीम ने अथक प्रयासों और सर्विलांस की मदद से 9 जुलाई को गुमशुदा बालिका को सकुशल बरामद कर लिया.
काउंसलिंग में खुली दरिंदगी की पोल: बरामदगी के बाद जब महिला पुलिसकर्मियों द्वारा किशोरी की काउंसलिंग की गई, तो उसने अपने साथ हुई दिल दहला देने वाली आपबीती बयां की. पीड़िता ने बताया कि वह रास्ता भटक गई थी. इसी दौरान रास्ते में उसने एक वाहन से लिफ्ट मांगी, लेकिन आरोपी ने सुनसान जगह देखकर उसके साथ दुराचार किया. किशोरी के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामले में पॉक्सो (POCSO) अधिनियम व बीएनएस की गंभीर धाराएं बढ़ाईं.
अल्मोड़ा से दबोचा गया आरोपी: मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) जितेन्द्र मेहरा के निर्देशन में टीम का गठन किया गया. सटीक सूचना और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने शुक्रवार (10 जुलाई) को आरोपी गोविंद सिंह (34 वर्ष), निवासी ग्राम बघर (थाना कपकोट, बागेश्वर) को पपरसेली (अल्मोड़ा) से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है.



