बागेश्वर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट: आपदा प्रबंधन हाई अलर्ट पर, ट्रैकिंग पर रोक

ख़बर शेयर करें -
  • 29 और 31 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी; 1 सितंबर को रहेगा येलो अलर्ट
  • अधिकारियों-कर्मचारियों के फोन स्विच ऑफ रखने पर पाबंदी, भूस्खलन प्रभावित मार्गों पर जेसीबी तैनात करने के निर्देश

बागेश्वर। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के तहत जनपद बागेश्वर में 29 और 31 अगस्त को कहीं-कहीं गर्जन के साथ भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना व्यक्त करते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। वहीं 1 सितंबर को जिले में भारी वर्षा का ‘येलो अलर्ट’ जारी हुआ है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह सतर्क मोड में आ गया है

अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल ने जिले के सभी विभागों और अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने पर्वतीय व उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ट्रैकिंग और पर्यटकों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी है

यह भी पढ़ें 👉  ऑपरेशन प्रहार' के तहत झिरौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब के साथ एक गिरफ्तार

प्रशासन द्वारा जारी मुख्य दिशा-निर्देश:

  • मार्गों को खोलने की व्यवस्था: एनएच, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और बीआरओ को निर्देश दिए गए हैं कि सड़क बंद होने की स्थिति में तत्काल मार्ग खोलने के लिए संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी मशीनें तैनात रखी जाएं
  • अधिकारियों की मौजूदगी अनिवार्य: समस्त पटवारी, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में डटे रहेंगे। आपदा अवधि में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का मोबाइल फोन बंद नहीं रहेगा
  • हाई अलर्ट पर थाने व टीमें: आपदा प्रबंधन आईआरएस (IRS) प्रणाली के नोडल अधिकारी, सभी पुलिस थाने और चौकियां वायरलेस व आपदा उपकरणों के साथ 24 घंटे हाई अलर्ट पर रहेंगे
  • स्कूल व नगरीय क्षेत्र: विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालयों में विशेष सावधानी बरतने और नगर क्षेत्रों में नालियों व कलवर्ट की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं

आपातकालीन स्थिति में संपर्क करें (आपदा कंट्रोल रूम बागेश्वर):

  • फोन नंबर: 05963-220197, 220196
  • टोल फ्री नंबर: 1077 (बीएसएनएल हेतु)
  • मोबाइल नंबर: 7536827373, 9634912152, 8859223535