बार के सामने टैक्सी चालक और युवकों को बेरहमी से पीटा, 15 के खिलाफ मुकदमा

ख़बर शेयर करें -

कांडा रोड पर सरेराह हुआ बलवा, जान से मारने की धमकी देकर फरार हुए दबंग, जिला अस्पताल में भर्ती हुए घायल

बागेश्वर। नगर के कांडा रोड स्थित बार के सामने बुधवार की शाम दबंगों ने जमकर उत्पात मचाया। हमलावरों ने एक टैक्सी चालक और उसके साथियों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच नामजद सहित 15 लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बचाव करने पर साथियों को भी बनाया निशाना सिमलगांव (गुरना) निवासी अंकित नगरकोटी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 29 अप्रैल की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच वह अपने दोस्त प्रदीप पिलख्वाल के साथ कांडा रोड पर खड़ा था। इसी दौरान दीपक कठायत, सचितन कठायत, नीरू कठायत, पवन कठायत और अंकुर रौतेला ने 8-10 अन्य साथियों के साथ मिलकर उनके टैक्सी चालक उमेश तिवारी के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब अंकित और प्रदीप ने बीच-बचाव करना चाहा, तो आरोपियों ने उन पर भी हमला बोल दिया।

यह भी पढ़ें 👉  बागेश्वर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट: आपदा प्रबंधन हाई अलर्ट पर, ट्रैकिंग पर रोक

घायलों के सिर और पसलियों में आई गंभीर चोटें हमले में अंकित और प्रदीप के सिर, आंख, गले, हाथ और पसलियों में गंभीर चोटें आई हैं। आरोप है कि हमलावर उन्हें मारते हुए मां-बहन की गालियां देने लगे और भीड़ जुटते देख जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घायलों को भूपेश तिवारी द्वारा जिला अस्पताल बागेश्वर पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उन्होंने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई।

यह भी पढ़ें 👉  कांडा में 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

पुलिस ने शुरू की जांच प्रभारी कोतवाल निर्मला पटवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बलवा, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है।


ADVERTISEMENTS Ad