
आयोजन: बहु-विभागीय शिविर में उमड़ा जनसैलाब, लाभार्थियों को बांटे गए चेक और सहायक उपकरण
बागेश्वर। राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को ऐतिहासिक नुमाइशखेत मैदान में “जन-जन की सरकार — 4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम के तहत भव्य जिला स्तरीय विकास प्रदर्शनी एवं बहु-विभागीय शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का रिपोर्ट कार्ड पेश करने के साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि और उपकरण वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकास पथ पर उत्तराखंड कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक पार्वती दास, जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे और दर्जा राज्य मंत्री भूपेश उपाध्याय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विधायक पार्वती दास ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य निरंतर प्रगति कर रहा है। दर्जा राज्य मंत्री भूपेश उपाध्याय ने उड़ान सेवा, आदर्श गांव योजना और नई शिक्षा नीति जैसे कदमों को प्रदेश के चहुंमुखी विकास का आधार बताया।
बागेश्वर में धरातल पर उतर रही योजनाएं: डीएम जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने जिले में चल रही महत्वपूर्ण परियोजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि खोली में सीसीयू (CCU) का निर्माण अंतिम चरण में है और खिलाड़ियों के लिए आधुनिक स्टेडियम बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांडा पंपिंग पेयजल योजना से हर घर तक पानी पहुँचाया जा रहा है और बागेश्वर सीवरेज योजना की डीपीआर शासन को भेज दी गई है। डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण, झूला पुल निर्माण और कीवी व औषधीय खेती को बढ़ावा देने के प्रयासों को जिला प्रशासन की प्राथमिकता बताया।
चेक और उपकरणों का वितरण शिविर में दीनदयाल सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत तीन लाभार्थियों को एक-एक लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए। समाज कल्याण विभाग ने विवाह अनुदान के लिए दो लाभार्थियों को 50-50 हजार और अटल आवास योजना के तहत 1.30 लाख रुपये की सहायता दी। इसके अलावा दिव्यांगों को व्हीलचेयर व श्रवण यंत्र बांटे गए। कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले काश्तकारों को भी सम्मानित किया गया।
विकास कार्यों में जिला अग्रणी मुख्य विकास अधिकारी ने जानकारी दी कि जिला योजना के बजट का समय से पूर्व सदुपयोग कर लिया गया है और 20 सूत्रीय कार्यक्रम के क्रियान्वयन में बागेश्वर जिला प्रदेश में अग्रणी स्थान पर है। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने उपस्थित जनसमूह को आगामी निर्वाचन के दृष्टिगत मतदाता जागरूकता की शपथ भी दिलाई।
ये रहे मौजूद इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल, भाजपा जिला महामंत्री संजय परिहार, एडीएम एन.एस. नबियाल, पीडी शिल्पी पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।





