
100 मीटर नीचे जा गिरा वाहन, रेस्क्यू के एक घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस, स्थानीय लोगों में आक्रोश
नैनीताल। नैनीताल-भवाली रोड पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में थार वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में वाहन सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
तेज रफ्तार बनी काल प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भवाली से नैनीताल की ओर आ रही थार में तीन लोग सवार थे। वाहन की रफ्तार काफी तेज थी, जिस कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे खाई में समा गया। सूचना मिलते ही पुलिस, एस.डी.आर.एफ. और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
हल्द्वानी के युवक ने गंवाई जान रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को खाई से बाहर निकालकर बी.डी. पांडे अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के पी.एम.एस. डॉ. टी.के. टम्टा ने बताया कि हल्द्वानी निवासी राहुल को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। वहीं, हादसे में घायल जोधपुर (राजस्थान) निवासी अरविंद सिंह और रूपनगर निवासी युवराज का उपचार किया जा रहा है।
व्यवस्थाओं पर उठे सवाल हादसे के बाद राहत कार्य तो समय पर शुरू हुआ, लेकिन एंबुलेंस के करीब एक घंटे देरी से पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने गहरा रोष व्यक्त किया। क्षेत्राधिकारी (सी.ओ.) अंजना नेगी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे का मुख्य कारण लग रही है। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।





