लक्ष्य सेन, चंदन सिंह को मिला खेल रत्न, कमलेश तिवारी द्रोणाचार्य पुरस्कार से हुए सम्मानित

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में वर्ष 2019-20 के लिए बैडमिन्टन खिलाड़ी लक्ष्य सेन व वर्ष 2020-21 के लिए एथलेटिक्स खिलाड़ी श्री चन्दन सिंह को ‘देवभूमि उत्तराखण्ड खेल रत्न पुरस्कार’ से सम्मानित किया।
परेड ग्राउंड के सभागार में हुए कार्यक्रम में वर्ष 2019-20 के धीरेन्द्र कुमार सेन, वर्ष 2020-21 के लिए कमलेश कुमार तिवारी और वर्ष 2021-22 के लिए श्री संदीप कुमार डुकलान को देवभूमि उत्तराखण्ड द्रोणाचार्य पुरस्कार देकर सम्मानित किया। खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार वर्ष 2021-22 से  सुरेश चंद्र पांडेय को सम्मानित किया गया। वर्ष 2021 व 2022 के राष्ट्रीय स्तर के 168 पदक विजेता खिलाड़ियों एवं 42 प्रशिक्षकों को नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड के युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर एवं पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए हर सम्भव प्रयास किये जा रहे हैं। राज्य में “मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना” प्रारंभ की गई है, जिसके अंतर्गत उभरते खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सरकारी नौकरियों में खेल कोटे को भी पुनः प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया है।