लोहाघाट में टनकपुर डिपो की रोडवेज बस दुर्घटनाग्रस्त, अपनी ही बस के पहिए के नीचे आने से चालक की मौत

ख़बर शेयर करें -

लोहाघाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मरोडाखान रायकोट के पास बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। धारचूला से टनकपुर आ रही टनकपुर डिपो की रोडवेज बस अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में बस के चालक बेनीराम थ्वाल (भट्ट) की अपनी ही बस के पहिए के नीचे दबने से मौत हो गई। वह चंपावत के बडोली के रहने वाले थे।

हादसे का कारण ब्रेक फेल होना या स्टीयरिंग फेल होना बताया जा रहा है। बस के परिचालक किशन और सवारियों ने बताया कि जैसे ही बस लोहाघाट के पास एक मोड़ पर पहुंची, अचानक उसका नियंत्रण खो गया। चालक बेनीराम ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को खाई में गिरने से बचाने के लिए पहाड़ी से टकरा दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ड्राइवर साइड का दरवाजा अचानक खुल गया और चालक सीट से सीधे नीचे नाली में जा गिरे। इसी दौरान अनियंत्रित बस का पिछला पहिया उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे वह बस के नीचे ही दब गए।

यह भी पढ़ें 👉  हंगामा करने पर पुलिस का 'प्रहार', बागेश्वर में शांति भंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार

हादसे की सूचना मिलते ही लोहाघाट के थानाध्यक्ष अशोक कुमार और तहसीलदार मोहीउद्दीन पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। बस के नीचे दबे चालक को निकालने के लिए तत्काल जेसीबी मशीन बुलाई गई। जेसीबी की मदद से बस को हटाकर चालक के शव को बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है, वहीं बस में सवार अन्य यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।