
एनएच 309ए के चौड़ीकरण और मुआवजे पर जोर, बोर्ड परीक्षा में अव्वल रहने पर जिले को मिली शाबाशी
बागेश्वर। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक ली। उन्होंने केंद्र पोषित योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सड़क सुधारीकरण और मुआवजा मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 309ए के दो लेन चौड़ीकरण कार्यों को जल्द पूरा करने और प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा देने के निर्देश दिए। उन्होंने पी.एम.जी.एस.वाई. और लोनिवि के अधिकारियों को सड़कों पर दुर्घटना रोकने के लिए ‘अंधे मोड़ों’ के सुधार हेतु निर्देशित किया।
स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी पर फोकस स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री ने सी.एम.ओ. को नियमित रूप से सी.एच.सी. और पी.एच.सी. का निरीक्षण करने तथा गांवों में कैंप लगाकर स्वास्थ्य जांच करने को कहा। वहीं, बी.एस.एन.एल. को नेटवर्क की शिकायतों के निस्तारण के लिए फील्ड विजिट कर कनेक्टिविटी सुधारने के निर्देश दिए।
जिले की उपलब्धियां जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने बैठक में जिले की प्रगति रिपोर्ट रखी। उन्होंने बताया कि:
- कीवी मिशन के अंतर्गत पिछले वर्ष लगभग 1100 कुंतल उत्पादन हुआ।
- काले धान की खेती के सकारात्मक परिणाम मिले हैं।
- मनरेगा के तहत चालू वर्ष में 5.40 लाख मानव दिवस सृजित किए गए।
- प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 118 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं।
- उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में बागेश्वर जनपद प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है।
ये रहे मौजूद बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, विधायक पार्वती दास, विधायक सुरेश गाड़िया, एसपी जितेंद्र मेहरा सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





