दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी, अवैध रूप से शराब परोसते दो गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत मैग्डी स्टेट और घिरतोली में कार्रवाई; कुल 11 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद

बागेश्वर। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय देहरादून के निर्देशों पर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बैजनाथ कोतवाली पुलिस ने अवैध रूप से शराब पिलाने और बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है. पुलिस टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर बिना लाइसेंस के ग्राहकों को शराब परोस रहे दो दुकानदारों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से कुल 11 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई है. (संवाद)

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा (आई.पी.एस.) द्वारा जनपद के सभी थाना प्रभारियों को अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं. इसी क्रम में कोतवाली बैजनाथ पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग और छापेमारी अभियान चलाया.

यह भी पढ़ें 👉  प्रभारी मंत्री राम सिंह कैड़ा की उपस्थिति में धूमधाम से मनाया गया हरेला पर्व, जौलकांडे में हुआ व्यापक पौधरोपण

पहला मामला: मैग्डी स्टेट में आठ बोतल के साथ दबोचा पुलिस टीम ने पहली कार्रवाई मैग्डी स्टेट स्थित एक दुकान में की. यहां बिना लाइसेंस के ग्राहकों को अवैध रूप से शराब परोसी जा रही थी. पुलिस ने मौके से अभियुक्त नंदन सिंह (उम्र 58 वर्ष) पुत्र पान सिंह, निवासी मैग्डी स्टेट को गिरफ्तार किया. तलाशी लेने पर दुकान से 08 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई. आरोपी के खिलाफ कोतवाली बैजनाथ में मुकदमा अपराध संख्या-12/2026, धारा 60(1)/21 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है.

दूसरा मामला: घिरतोली में दुकान के भीतर चल रहा था दौर बैजनाथ पुलिस ने दूसरी छापेमारी ग्राम घिरतोली में की. यहां अपनी दुकान में अवैध रूप से बिना लाइसेंस के लोगों को शराब परोस रहे दुकानदार मंगल कुमार पुत्र बाली राम, निवासी घिरतोली को पुलिस ने रंगे हाथ दबोच लिया. पुलिस ने मौके से 03 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद कर अभियुक्त को हिरासत में लिया. इस संबंध में कोतवाली बैजनाथ में मुकदमा अपराध संख्या-13/2026, धारा 60(1)/21 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध रूप से नशा बेचने और पिलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा.