जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में गूंजीं जनसमस्याएं; जर्जर बिजली पोलों और सड़कों के सुधारीकरण पर जोर

ख़बर शेयर करें -

अध्यक्ष शोभा आर्या की अध्यक्षता में हुई वर्ष की प्रथम बैठक; निजी स्कूलों द्वारा कॉपी-पुस्तकों के अनावश्यक दबाव पर भी हुई चर्चा

बागेश्वर। विकास भवन सभागार में मंगलवार को जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या की अध्यक्षता में वर्ष 2026-27 की प्रथम बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में जिले के विकास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ जिला पंचायत सदस्यों ने अपने क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया.

सड़क और आपदा कार्यों पर चर्चा बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में आपदा से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत, नाली निर्माण, डामरीकरण और सुरक्षा दीवारों के निर्माण से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई. अध्यक्ष ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि बोर्ड बैठक में आए सुझावों और जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए. उन्होंने विकास कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया.

यह भी पढ़ें 👉  डाकघर गबन मामला: सिमगढ़ी के तत्कालीन डाकपाल को कोर्ट ने सुनाई कड़ी सजा, जेल के साथ लगा भारी अर्थदंड

जल जीवन मिशन और विद्युत व्यवस्था पेयजल व्यवस्था की समीक्षा के दौरान सदस्यों ने ‘हर घर जल जीवन मिशन’ के तहत बिछाई गई पाइप लाइनों के क्षतिग्रस्त होने का मुद्दा उठाया. सदस्यों ने मांग की कि पुरानी लाइनों को तत्काल सुधारा जाए और नए कार्यों में स्थानीय आवश्यकताओं का ध्यान रखा जाए. वहीं, विद्युत विभाग को जर्जर पोलों को बदलने और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए.

निजी स्कूलों की मनमानी पर उठे सवाल बैठक में एक महत्वपूर्ण मुद्दा निजी विद्यालयों द्वारा अभिभावकों और छात्रों पर कॉपी-पुस्तकों की अनावश्यक खरीद का दबाव बनाने का उठा. विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है और मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही, आगामी वर्ष में सभी पंचायत क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया.

यह भी पढ़ें 👉  नाबालिग से दरिंदगी का आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, पुलिस का 'आपरेशन प्रहार' जारी

इनकी रही मौजूदगी बैठक में क्षेत्रीय विधायक पार्वती दास, पीएमजीएसवाई अनुश्रवण समित के उपाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे, मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी सहित जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.

ADVERTISEMENTS Ad