
कपकोट (बागेश्वर)। जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कपकोट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बियर के साथ एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
तलाशी में बरामद हुई शराब और बियर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना कपकोट पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने हीचौड़ी निवासी पंकज पांडे (37 वर्ष) पुत्र मोहन चंद्र पांडे को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 12 बोतल व 15 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब और 24 कैन बियर बरामद की गई।
आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज अवैध शराब और बियर के साथ पकड़े गए आरोपी के खिलाफ थाना कपकोट में धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के तहत एफआईआर (संख्या-17/2026) पंजीकृत की गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह यह शराब कहां से लाया था और किसे सप्लाई करने जा रहा था।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल अवैध कारोबारियों के खिलाफ इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में अपर उपनिरीक्षक दिगंबर सनवाल और कांस्टेबल हरीश चंद्र शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।





