चाहे कितने भी लंबे हों हाथ, नहीं बख्शे जाएंगे भर्ती घोटालों में लिप्त लोग, आगे के लिए नजीर पेश करना चाहती है सरकार: धामी

ख़बर शेयर करें -

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की भर्तियों में आ रही गड़बड़ी की शिकायतों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि दोषी कितनी भी बड़ी पहुंच वाला हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। कानून अपना काम कर रहा है। अब तक 27 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सरकार आगे के लिए नजीर बनाना चाहती है।
मीडिया से अनौपचारिक वार्ता करते हुए सीएम धामी ने कहा कि यह बहुत ही गंभीर विषय है, जहां भी गड़बड़ी की शिकायत मिल रही है, वहां हमने सख्त जांच के आदेश दिये हैं। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की भर्तियों में कुछ मामले एसटीएफ को दिए गए हैं और कुछ पर विजिलेंस को नियुक्त किया गया है। सभी मामलों पर कार्यवाही चल रही है। जिसका परिणाम आप सभी के सामने आ भी रहा है। अभी तक कुल 27 गिरफ्तारी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि भर्ती घोटालों में किसी को भी नहीं बख्शा जायेगा, चाहे किसी के हाथ कितने भी लंबे क्यों न हो कानून अपना काम करेगा। हम आगे के लिये भी एक नजीर बनाना चाहते हैं, जिससे इस तरह के प्रकरणों की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने विधानसभा में नियुक्तियों में गड़बड़ी की शिकायतों पर कहा कि मुख्यमंत्री विधानसभा एक संवैधानिक संस्था है। हम विधानसभा अध्यक्षा से अनुरोध करेंगे कि विधानसभा में जितनी भी भर्तियां हुई हैं और जिनमें शिकायत आ रही है, उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।