₹461 करोड़ से सुधरेंगे भूस्खलन प्रभावित मार्ग, उत्तराखंड को बड़ी राहत

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में भूस्खलन प्रभावित सड़कों के सुधार के लिए केंद्र सरकार ने ₹461 करोड़ की बड़ी राशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस निर्णय पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और केंद्र सरकार का आभार जताते हुए इसे राज्य के लिए दूरगामी महत्व का कदम बताया है।

स्वीकृत राशि में उत्तरकाशी जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-134 पर भूस्खलन से प्रभावित 17 स्थलों के उपचार हेतु ₹233 करोड़ तथा पिथौरागढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-09 के तवाघाट-घटियाबागड़ खंड के 3 संवेदनशील स्थलों के लिए ₹228 करोड़ शामिल हैं।

यह भी पढ़ें 👉  7,045 मीटर की ऊंचाई पर लहराया उत्तराखंड का गौरव, मुकुट ईस्ट फतह कर लौटा पर्वतारोहण दल

मुख्यमंत्री ने कहा कि एनएच-134 चारधाम यात्रा का प्रमुख मार्ग है, जो धरासू और कुठनोरी से यमुनोत्री धाम को जोड़ता है। यह मार्ग लंबे समय से भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील रहा है, जिससे यातायात बाधित होता रहा है। प्रस्तावित कार्यों के बाद इस मार्ग की स्थिरता बढ़ेगी और यात्रा अधिक सुरक्षित व सुगम होगी।

वहीं, एनएच-09 के तवाघाट-घटियाबागड़ खंड पर कार्य होने से सीमांत क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होगा। इससे स्थानीय लोगों को राहत मिलने के साथ-साथ सामरिक दृष्टि से भी यह मार्ग महत्वपूर्ण साबित होगा।

यह भी पढ़ें 👉  छत से गिरकर चालक की मौत, हायर सेंटर ले जाते वक्त तोड़ा दम, परिवार में छाया मातम

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में सड़क अवसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। यह स्वीकृति न केवल आपदा प्रबंधन क्षमता को बढ़ाएगी, बल्कि पर्यटन और समग्र विकास को भी नई गति देगी।

ADVERTISEMENTS Ad