कपकोट में लगा जनता दरबार, 23 शिकायतें हुई दर्ज, विधायक ने दिए प्राथमिकता से निस्तारण के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

बागेश्वर। जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनने और उनका त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को कपकोट तहसील सभागार में एक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक सुरेश गढ़िया और जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आम जन से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे, जिससे लोगों को एक ही स्थान पर समाधान मिलने की सुविधा मिली। कुल 23 समस्याएं व शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं।

विधायक सुरेश गढ़िया ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनता की छोटी-छोटी समस्याओं को गंभीरता से लें और उन्हें समय पर हल करें ताकि लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए और इसके लिए विकास कार्यों में और अधिक गति लाई जाए। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि जनता दरबार केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि शासन और आमजन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे दूरस्थ क्षेत्रों से आई समस्याओं पर संवेदनशीलता से कार्य करें और उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें।

यह भी पढ़ें 👉  7,045 मीटर की ऊंचाई पर लहराया उत्तराखंड का गौरव, मुकुट ईस्ट फतह कर लौटा पर्वतारोहण दल

जनता दरबार में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं। पोथिंग के राजेंद्र सिंह ने पेयजल की व्यवस्था की मांग की, जबकि धनीगांव-जगथाना के ग्रामीणों ने वृक्ष पातन की अनुमति चाही। हिमांशु शाही ने ग्राम बधेली में आपदा से क्षतिग्रस्त पुलिया के पुनर्निर्माण की मांग की। प्रताप सिंह ने खतौनी में संशोधन का अनुरोध किया और फरसाली के देव गिरि ने अपने आवास की सुरक्षा दीवार को लेकर प्रशासन से मदद मांगी। कमला देवी (किलपारा) ने दिव्यांग प्रमाण पत्र की मांग रखी,  हरीश सिंह  ने जड़ी-बूटी उत्पादन हेतु तारबाड़ और आर्थिक सहायता की आवश्यकता जताई। कुंवारी, काफलीकमेडा, शामा और बडीपन्याली जैसे गांवों से आए ग्रामीणों ने विस्थापन, आवास, दस्तावेज़, और मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं सामने रखीं। इन सभी विषयों पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे गंभीरता से कार्य करते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।

यह भी पढ़ें 👉  छत से गिरकर चालक की मौत, हायर सेंटर ले जाते वक्त तोड़ा दम, परिवार में छाया मातम

जनता दरबार में नगर पंचायत अध्यक्ष गीता ऐठानी, प्रशासक विकासखंड गोविंद सिंह दाून, मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी, अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल, उपजिलाधिकारी मोनिका, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कुमार आदित्य तिवारी, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, ईई लोनिवि संजय पांडे, पीएमजीएसवाई के अंबरीश रावत, विद्युत विभाग से मोहम्मद अफजाल आदि मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad