
960 लोगों ने ली सेवाओं और योजनाओं की जानकारी
बागेश्वर। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत आज विकासखंड कपकोट की न्याय पंचायत असों और विकासखंड बागेश्वर की न्याय पंचायत आरे में बहुद्देशीय शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया और शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण के लिए भेजा गया।
आरे न्याय पंचायत शिविर:
विकासखंड सभागार में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने की। उन्होंने कुल 80 शिकायतें सुनीं, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जल निगम और पेयजल संबंधी मामलों में शत-प्रतिशत जलापूर्ति सुनिश्चित करने, नेटवर्क की समस्याओं के त्वरित समाधान और लापरवाही न होने के निर्देश दिए गए। वन्यजीव-मानव संघर्ष से संबंधित मामलों में वन विभाग को कार्रवाई के आदेश दिए गए।
कपकोट न्याय पंचायत शिविर:
इंटर कॉलेज असों में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी अनिल कुमार चन्याल ने की, जबकि क्षेत्रीय विधायक सुरेश गढ़िया मुख्य अतिथि रहे। यहां 46 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 26 का मौके पर समाधान किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयसीमा में निस्तारण हेतु भेजा गया।
दोनों शिविरों में बिजली, पेयजल, सिंचाई, आपदा और वन्यजीव क्षति से संबंधित समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया गया। सरकारी विभागों द्वारा सूचना प्रदर्शनी और स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई। कुल 960 लोगों ने प्रत्यक्ष रूप से लाभ उठाया और 116 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 53 का समाधान किया गया।
शिविरों में विधायक सुरेश गढ़िया, पार्वती दास, मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी, अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।





