
युवा पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं ऐसे आयोजन- धामी
लोहाघाट। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को लोहाघाट के रामलीला मैदान में आयोजित ‘काली कुमाऊं होली रंग महोत्सव’ में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने जनसमूह के साथ पारंपरिक कुमाऊंनी और शास्त्रीय होली गायन में प्रतिभाग कर उत्सव की खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने जनपदवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चम्पावत की यह विशिष्ट होली परंपरा हमारी समृद्ध लोक विरासत का आधार स्तंभ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और पर्व हमारी विशिष्ट पहचान हैं। काली कुमाऊं की होली अपने गायन और परंपरा के लिए पूरे प्रदेश में विशेष स्थान रखती है। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि आधुनिक दौर में भी चम्पावत के लोगों ने अपनी जड़ों को जीवंत रखा है। धामी ने कहा कि ऐसे महोत्सव न केवल हमारी विरासत को संजोते हैं, बल्कि युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति से रूबरू कराने का भी सशक्त माध्यम हैं।
मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों के साथ गुलाल खेलकर होली का आनंद लिया।
इनसेट: ये रहे उपस्थित इस भव्य आयोजन में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, प्रेमा पांडे, मुकेश कलखुड़िया सहित जिलाधिकारी मनीष कुमार, एसपी रेखा यादव व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।





