मामा की शादी की खुशियां मातम में बदलीं, सरयू नदी में डूबने से 10 वर्षीय बच्ची की मौत

ख़बर शेयर करें -

जनपद के घाट क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां मामा की शादी में शामिल होने आई एक 10 साल की मासूम बच्ची की सरयू नदी में डूबने से मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद शादी वाले घर में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

नहाने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, पिथौरागढ़ के चंडाक क्षेत्र के भुरमुनी गांव निवासी रिया (10 वर्ष) अपनी मां सरोजा देवी के साथ मामा के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए घाट आई थी। बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे परिवार के सभी सदस्य नहाने के लिए सरयू नदी के तट पर पहुंचे थे।

यह भी पढ़ें 👉  हंगामा करने पर पुलिस का 'प्रहार', बागेश्वर में शांति भंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार

बताया जा रहा है कि मां और अन्य रिश्तेदार बच्ची को किनारे पर ही छोड़कर नदी में नहाने उतरे थे। इसी दौरान मासूम रिया भी खेलते-खेलते नदी के गहरे पानी की ओर चली गई और अचानक डूबने लगी। जब तक परिजन कुछ समझ पाते, बच्ची पानी की लहरों में ओझल हो गई।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

परिजनों ने आनन-फानन में बच्ची को नदी से बाहर निकाला और गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान रिया ने दम तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें 👉  नाबालिग से दरिंदगी का आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, पुलिस का 'आपरेशन प्रहार' जारी

जिला अस्पताल के डॉ. अमन आलम ने बताया कि नदी में डूबने के कारण बच्ची के फेफड़ों में अत्यधिक पानी भर गया था, जिससे उसकी स्थिति बेहद नाजुक हो गई थी। काफी प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

शादी की खुशियां मातम में बदली

जिस घर में मामा की शादी को लेकर मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहां अब चीख-पुकार मची है। रिया की मौत की खबर मिलते ही गांव और रिश्तेदारी में शोक की लहर दौड़ गई है। खुशियों वाले घर में इस तरह की अनहोनी से हर कोई स्तब्ध है।

ADVERTISEMENTS Ad